
जन एक्सप्रेस /नैनीताल :- नैनीताल जिले के धारी तहसील क्षेत्र में भूमि की नाप कराने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में सतर्कता अधिष्ठान की टीम ने पटवारी निर्मल बोरा को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई 26 सितंबर को हल्द्वानी सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने की।
जानकारी के अनुसार, मौड़ा गांव निवासी एक व्यक्ति अपनी भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा के संपर्क में आया था। आरोप है कि भूमि की नाप कराने के बदले पटवारी ने उससे 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर की।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की जांच की। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद ट्रैप टीम गठित कर रिश्वत लेते आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई गई।
तय योजना के तहत 26 सितंबर को टीम ने धारी तहसील क्षेत्र में कार्रवाई की। बताया गया कि जैसे ही पटवारी ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई।
निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम के सदस्यों के लिए नगद पुरस्कार की घोषणा की है। सतर्कता अधिष्ठान ने आम लोगों से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतें सामने लाने की अपील की है। शिकायत के लिए 1064 टोल फ्री हेल्पलाइन और 9456592300 व्हाट्सऐप हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।






