Crimeutrakhandउत्तराखंडराज्य खबरें

Bajpur News: फार्म हाउस में युवक की संदिग्ध मौत, बड़े भाई पर हत्या का आरोप; पुलिस तलाश में जुटी

बाजपुर में फार्म हाउस पर 40 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों ने भाई पर लगाया हत्या का आरोप

जन एक्सप्रेस / बाजपुर/सुल्तानपुर पट्टी। किनौरी-छोई मार्ग स्थित एक फार्म हाउस में शुक्रवार रात 40 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। युवक का शव लहूलुहान अवस्था में मिला। मृतक की पहचान अलीनगर, बदायूं निवासी राजू पुत्र खिमानी सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने उसके बड़े भाई खूब सिंह पर हत्या का आरोप लगाया है।जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात राजू और उसके बड़े भाई खूब सिंह के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद खूब सिंह वहां से चला गया, जबकि राजू फार्म हाउस में खेत की रखवाली करने चला गया।कुछ देर बाद राजू की भतीजी रूपा ने उसे फोन किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। मोबाइल बंद मिलने के बाद रूपा फार्म हाउस पहुंची। वहां राजू घायल अवस्था में पड़ा मिला।

अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राजू को उपचार के लिए अस्पताल ले गई। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

परिजनों ने भाई पर लगाया आरोप

परिजनों ने पुलिस को बताया कि खूब सिंह की कोई संतान नहीं थी। उनका आरोप है कि परिवार में राजू को अधिक सम्मान और जिम्मेदारियां मिलने के कारण दोनों भाइयों के बीच मनमुटाव था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

परिजनों के मुताबिक, उनका परिवार करीब चार दशक पहले बदायूं के अलीनगर से यहां आकर बसा था। राजू फार्म हाउस और खेती की देखरेख करता था, जबकि खूब सिंह अधिवक्ता के यहां मुंशी का काम करता था।

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। वारदात में इस्तेमाल हथियार अभी बरामद नहीं हुआ है।

एसपी काशीपुर स्वप्न किशोर सिंह के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी और हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस की दो टीमें लगाई गई हैं। मामले की जांच जारी है।

नोट: हत्या का आरोप मृतक के परिजनों की ओर से लगाया गया है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button