
जन एक्सप्रेस /पुरोला :- पुरोला में छात्रसंघ चुनाव मंगलवार को मतदान होगा। चुनाव को लेकर महाविद्यालय प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। मतदान सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक होगा, जबकि दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विशम्बर जोशी ने बताया कि इस बार छात्रसंघ चुनाव में 633 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव, कोषाध्यक्ष और यूआर (यू.आर.ओ.) सहित पांच पदों के लिए होगा। सहसचिव पद पर एकमात्र नामांकन होने के कारण प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान के लिए महाविद्यालय परिसर में तीन मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान के दौरान छात्र-छात्राओं को अपना परिचय पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। चुनाव प्रक्रिया लिंगदोह समिति की संस्तुतियों एवं विश्वविद्यालय के संविधान के अनुरूप संपन्न कराई जाएगी।महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. ए.के. तिवारी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं से समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर शांतिपूर्ण एवं गरिमापूर्ण तरीके से मतदान में भाग लेने की अपील की है। साथ ही स्थानीय प्रशासन और विद्यार्थियों से चुनाव को सफल बनाने में सहयोग की अपेक्षा जताई है।






