
चंद्रप्रकाश बहुगुणा
जन एक्सप्रेस /उत्तरकाशी :- के उच्च हिमालयी क्षेत्र में अचानक बदले मौसम और भारी बर्फबारी में फंसे ट्रैकर्स और पोर्टर्स को बचाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने युद्ध स्तर पर ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद सचिव आपदा प्रबंधन से फोन पर बात कर रेस्क्यू का अपडेट लिया और दो टूक कहा एक भी ट्रैकर पीछे न रहे, सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संसाधन झोंक दो। सीएम ने निर्देश दिए कि रेस्क्यू के बाद हर पर्यटक को चिकित्सा सहायता, भोजन, गर्म कपड़े और गंतव्य तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था हो। उन्होंने कहा उत्तराखंड आने वाला हर तीर्थयात्री-पर्यटक हमारी जिम्मेदारी है।
दूसरी तरफ, धरातल पर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य खुद हर्षिल हेलीपैड पर पहुंच गए हैं। विपरीत मौसम और दुर्गम हालात के बीच सेना, वायुसेना, SDRF, NDRF, पुलिस और आपदा प्रबंधन की संयुक्त टीमें हवाई और पैदल दोनों तरह से अभियान चला रही हैं। DM ने हेलीपैड पर ही एम्बुलेंस, डॉक्टरों की टीम और राहत सामग्री तैनात करवा दी है ताकि जैसे ही ट्रैकर लैंड हों, उन्हें तुरंत प्राथमिक उपचार, गर्म कपड़े और भोजन मिले।SP कमलेश उपाध्याय, ADM मुक्ता मिश्र सहित पूरा प्रशासन मौके पर है। समन्वय के साथ रेस्क्यू जारी है।






