उत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा,राहत एवं बचाव कार्यों में लापरवाही न बरतने के निर्देश

रिपोर्ट-बी जी मिश्र

जन एक्सप्रेस /हरदोई :-  जिले में बाढ़ की स्थिति के बीच डीएम राहुल पाण्डेय ने सोमवार को सवायजपुर एवं बिलग्राम तहसील क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति तथा प्रभावित लोगों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

डीएम ने जनता इंटर कॉलेज तेरा परसौली स्थित बाढ़ चौकी का निरीक्षण किया। इसके बाद थाना अरवल क्षेत्र के कुसुमखोर पुल पहुंचकर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से क्षेत्र में जलस्तर, आवागमन की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों तथा प्रभावित लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वस्त किया कि शासन-प्रशासन पूरी तरह उनके साथ है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन कराया जाएगा और नियमानुसार पात्र प्रभावित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रभावित लोगों की अन्य आवश्यक जरूरतों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने प्रभावित लोगों को आवश्यकता के अनुसार खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं तथा अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।उन्होंने बाढ़ से हुए नुकसान का सर्वे कराकर उसकी रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने को भी कहा, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई समय से पूरी की जा सके। निरीक्षण के दौरान सवायजपुर एसडीएम शिवानी सिंह ,तहसीलदार सौरभ सिंह सहित अन्य विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button