
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- मतदाता सूची के एसआईआर अभियान को लेकर भाजपा ने कांग्रेस और विपक्ष पर जनता के बीच भ्रम फैलाने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे आरोप तथ्यों पर आधारित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को लेकर लगातार सवाल खड़े करने से देश की संस्थागत व्यवस्था और भारत की छवि प्रभावित होती है।
भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने एसआईआर को लेकर पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर विपक्ष जिस तरह के सवाल उठा रहा है, उससे जनता में अनावश्यक भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया को लेकर चुनाव आयोग की ओर से पहले ही कई बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट की जा चुकी है। कहा कि फार्म-6 से संबंधित प्रक्रिया और उसमें मांगी जाने वाली जानकारियां कोई नई व्यवस्था नहीं हैं, बल्कि यह प्रक्रिया लंबे समय से चली आ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक अखबार की रिपोर्ट को आधार बनाकर विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग और एसआईआर को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं, जबकि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित निर्वाचन आयोग के सदस्य एसएस संधू और विवेक जोशी की ओर से इस संबंध में स्पष्टीकरण दिया जा चुका है।उन्होंने कहा कि कैबिनेट सचिव को भेजी गई चिट्ठी में भी एसआईआर से संबंधित कोई ऐसी बात नहीं लिखी गई,जैसा कि विपक्ष की ओर से प्रचारित किया जा रहा है। भाजपा नेताओं के अनुसार निर्वाचन आयोग के निर्णयों को लेकर भी विपक्ष द्वारा गलत धारणा बनाने का प्रयास किया जा रहा है,जबकि आयोग के निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए हैं।
उन्होंने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर भी तीखी टिप्पणी की और आरोप लगाया कि उनके बयानों से देश की छवि प्रभावित होती है। जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध एवं पारदर्शी होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए आवश्यक है। ऐसे में पुनरीक्षण प्रक्रिया को लेकर यदि किसी को आपत्ति है तो उसे निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी बात रखनी चाहिए। पत्रकार वार्ता में जिला महामंत्री बलवंत रावत,पूर्व जिलाध्यक्ष विनोद रतूड़ी,जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र डोभाल,मंडल अध्यक्ष विजय कठैत,नीरज खत्री,प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गोविंद रावत,जयेंद्र पंवार,अक्षत पवन बिजल्वाण,सुशील चंद्र बहुगुणा,उर्मिला राणा,कमल पुंडीर आदि उपस्थित थे।






