
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- थौलधार ब्लॉक मुख्यालय कंडीसौड़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही श्रम विभाग के 197 श्रम कार्डधारकों को तीन-तीन किट वितरित की गईं। शिविर का शुभारंभ उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी राज्यमंत्री गीता रावत और ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी ने किया।
इस अवसर पर राज्यमंत्री गीता रावत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के संवैधानिक पद पर ईमानदारी एवं समर्पण के साथ कार्य करने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ग्रामीण क्षेत्रों तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से गांवों में विकास कार्यों को गति देने के साथ पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि श्रमिकों और ग्रामीणों के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना जरूरी है। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी सुविधा से वंचित न रहे।
ब्लॉक प्रमुख सुरेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि ग्रामीण विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि थौलधार विकासखंड की ग्राम पंचायतों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा विकास कार्यों को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भी सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
शिविर में श्रम विभाग की ओर से श्रम कार्डधारकों को किट वितरित की गईं। इस दौरान विभागीय अधिकारियों ने श्रमिकों को उनके लिए संचालित विभिन्न योजनाओं, पात्रता एवं मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी दी।
इस मौके पर बीडीओ स्नेहा नेगी, मंडल अध्यक्ष ललित खंडूरी, महावीर उनियाल, सुमन गुसाईं, विनोद राणा, राकेश खंडूरी और जिला श्रम अधिकारी आयशा सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।






