
जन एक्सप्रेस /सितारगंज :- उत्तर प्रदेश की सीमा से भटककर सितारगंज क्षेत्र के अजीतपुर गांव पहुंचे एक हिरण पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया। कुत्तों के दौड़ाकर हमला करने से हिरण गंभीर रूप से घायल हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते उपचार के प्रयासों के बावजूद उसकी मौत हो गई।
घटना 29 सितंबर को बाराकोली वन क्षेत्र के ढोलावन प्रथम अनुभाग की बैगुल डैम बीट के ग्राम अजीतपुर में हुई। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे वन विभाग को गांव में एक हिरण के गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और वनकर्मियों ने हिरण को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी हालत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका।
वन विभाग ने हिरण के शव को अपनी अभिरक्षा में लेकर ढोलावन वन परिसर पहुंचाया। वन क्षेत्राधिकारी घनानंद चनियाल की मौजूदगी में पशु चिकित्साधिकारी बरा डॉ. मृगदाक्षी यादव और पशु चिकित्साधिकारी शक्तिफार्म डॉ. विजय कुमार ने हिरण का पोस्टमार्टम किया।
वन विभाग ने मामले में वन्यजीव अपराध पंजीकृत कर लिया है। विभाग द्वारा घटना से जुड़े तथ्यों की जांच करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।वन क्षेत्राधिकारी घनानंद चनियाल ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि कोई वन्यजीव भटकता हुआ, घायल या संकट में दिखाई दे तो उसके पीछे न भागें और न ही उसे पकड़ने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तत्काल बराकोली वन क्षेत्र, सितारगंज के वनकर्मियों को सूचना दें, ताकि समय रहते वन्यजीव को सुरक्षित किया जा सके।






