
जन एक्सप्रेस /नारायणबगड़ :- राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ में आयोजित पांचवें सीमांत पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव में क्षेत्र के नौनिहालों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। विकासखंड के 22 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर विज्ञान के प्रति अपनी रुचि और नवाचार की झलक पेश की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन जिला स्तर के लिए किया गया है। अब ये बाल वैज्ञानिक 3 अक्टूबर को जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
महोत्सव का शुभारंभ जिला पंचायत सदस्य कोठली वार्ड साक्षी नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि आज देश-दुनिया में विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ ही नए आविष्कारों और तकनीकों के प्रति जिज्ञासु बनना चाहिए।

खंड शिक्षा अधिकारी अनीनाथ ने विज्ञान में नवाचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को नए प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। ज्येष्ठ प्रमुख देवेंद्र रावत ने विज्ञान के विभिन्न आविष्कारों की जानकारी साझा की। वहीं, राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ के पूर्व प्रधानाचार्य डीएस नेगी ने विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी के माध्यम से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर जोर दिया।
बीएसईएस दिल्ली से सेवानिवृत्त ग्राम गडकोट निवासी जीत सिंह नेगी ने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। स्थानीय व्यापारी एवं समाजसेवी अंकित रौतेला ने जीवन में अनुशासन के महत्व को समझाया, जबकि ग्राम प्रधान सनेड़ एवं समाजसेवी प्रकाश सिंह बिष्ट ने विद्यालय की ओर से छात्रहित में किए जा रहे कार्यक्रमों की सराहना की।
इन बाल वैज्ञानिकों ने मारी बाजी
महोत्सव में जूनियर और सीनियर वर्ग की विज्ञान मॉडल, कविता वाचन, विज्ञान प्रश्नोत्तरी और विज्ञान नाटक प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
जूनियर वर्ग में विज्ञान मॉडल में जनता इंटर कॉलेज झिंझोड़ी की दीक्षा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। हिंदी कविता वाचन में राजकीय इंटर कॉलेज भगवती की आरुषि, अंग्रेजी कविता वाचन में राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ की हिमानी तथा विज्ञान प्रश्नोत्तरी में उत्तराखंड विद्या निकेतन नारायणबगड़ के प्रशांत ने प्रथम स्थान हासिल किया। विज्ञान नाटक में जनता इंटर कॉलेज झिंझोड़ी की टीम ने पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रस्तुति देकर पहला स्थान प्राप्त किया।
सीनियर वर्ग में विज्ञान मॉडल में राजकीय इंटर कॉलेज हरमनी की मेघा प्रथम रहीं। हिंदी कविता वाचन में राजकीय इंटर कॉलेज भगवती की आरुषि और अंग्रेजी कविता वाचन में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नारायणबगड़ की यशस्वनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विज्ञान प्रश्नोत्तरी में राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ के कृष्णा गौड़ ने बाजी मारी। वहीं, पर्यावरण संरक्षण पर आधारित विज्ञान नाटक में जनता इंटर कॉलेज झिंझोड़ी-बुडेरा की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया।

जिला स्तर पर दिखाएंगे दमखम
ब्लॉक स्तर पर चयनित प्रतिभागी अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव के ब्लॉक समन्वयक कलम सिंह नेगी ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों से आगामी प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक संख्या में प्रतिभाग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
कार्यक्रम का संचालन रसायन विज्ञान के शिक्षक एनएस रावत ने किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. जीएस नेगी ने महोत्सव के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों और शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं।






