utrakhandउत्तरकाशीनैनीताल

वीकेंड पर नैनीताल में उमड़ा सैलानियों का सैलाब, सड़कों पर लगा लंबा जाम

एंट्री प्वाइंट से पार्किंग तक वाहनों की कतार, भवाली से ज्योलीकोट तक करीब छह किमी रेंगा ट्रैफिक

जन एक्सप्रेस /नैनीताल :- तीन दिन के लंबे वीकेंड के चलते नैनीताल में शुक्रवार से ही पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पर्यटक वाहनों की संख्या बढ़ने से शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। कई स्थानों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा।

पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने सुबह से ही विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया। हल्द्वानी रोड से आने वाले वाहनों को रूसी और कालाढूंगी रोड से आने वाले वाहनों को नारायण नगर में रोककर शटल सेवा के जरिए नैनीताल भेजा गया। इसके बावजूद दोनों एंट्री प्वाइंट पर वाहनों का दबाव बना रहा और कतारें लगातार बढ़ती गईं।

डीएसए मैदान, मेट्रोपोल, सूखाताल समेत शहर के अन्य प्रमुख पार्किंग स्थल सुबह ही भर गए। पार्किंग नहीं मिलने के कारण पर्यटक वाहनों का दबाव मुख्य सड़कों पर बढ़ता चला गया।

नैनीताल के साथ कैंची धाम की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से भवाली रोड पर भी यातायात प्रभावित रहा। भवाली से ज्योलीकोट तक करीब छह किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार देखने को मिली। वहीं हल्द्वानी मार्ग पर भूमियाधार तक वाहन धीमी गति से चलते रहे।

एंट्री प्वाइंट पर पर्याप्त मूलभूत सुविधाएं नहीं होने के कारण वाहनों में बैठे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करने के लिए प्रयास किए और शटल सेवा भी संचालित की, लेकिन भारी भीड़ के चलते जाम की स्थिति बनी रही।लंबे वीकेंड का असर हल्द्वानी की यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा। पहाड़ की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने से शहर के प्रमुख मार्गों पर भी यातायात का दबाव बढ़ गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button