
जन एक्सप्रेस /विकास नगर :- सामान पहुंचाने की आड़ में नशा सप्लाई करने वाला डिलीवरी बॉय पुलिस के हत्थे चढ़ गया। थाना सेलाकुई पुलिस ने शुक्रवार को तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क से 30 वर्षीय कमल चौधरी उर्फ बॉबी को 22.81 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत साढ़े छह लाख रुपये बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष सेलाकुई एसके शैकी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद के थाना क्षेत्रों में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में आकस्मिक चेकिंग के दौरान आरोपी पार्क से पकड़ा गया। उसके खिलाफ थाना सेलाकुई पर मुकदमा संख्या 147/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में अभियोग दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है। बरामद स्मैक उसने एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदी थी और सामान डिलीवरी की आड़ में नशे के आदी लोगों को ऊंचे दामों पर सप्लाई कर रहा था। पूछताछ में कुछ अन्य नशा तस्करों के बारे में भी जानकारी मिली है, जिनके खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
आरोपी की पहचान कमल चौधरी उर्फ बॉबी, पुत्र कटार सिंह, निवासी कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। फिलहाल वह राजावाला, सेलाकुई में शमी चौधरी के यहां किरायेदार रहता था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।






