CrimeUP Breaking Newsउत्तर प्रदेशराज्य खबरें

पीडब्ल्यूडी के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी की करंट लगने से मौत

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई। मकान की छत पर टहलने के दौरान वहां से निकले हाइटेंशन तारों की चपेट में आए पीडब्ल्यूडी के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी की मेडिकल कालेज पहुंचते ही दर्दनाक मौत हो गई। इस तरह का हादसा हरपालपुर थाने के सुर्जीपुर दुर्जना गांव में होना बताया गया है। पुलिस ने शव कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है।बताया गया है कि हरपालपुर थाने के सुर्जीपुर दुर्जना गांव निवासी 87 वर्षीय रोशन लाल यादव पुत्र गयादीन यादव पीडब्ल्यूडी में प्रशासनिक अधिकारी के पद से रिटायर हो चुके थे।

परिवार में पत्नी सावित्री देवी के अलावा एक बेटा राधेश्याम और एक बेटी थी,बेटे की करीब 20 साल पहले मौत हो चुकी थी,जबकि बेटी शादीशुदा है। राधेश्याम के दो बेटों में पुलिस में तैनात एक बेटा अनुज कुमार बहराइच में तैनात है,जबकि दूसरा अमित कुमार व्यवसायी है। बताते है कि शनिवार की सुबह रोशन लाल अपने मकान की छत टहल रहे थे,उसी बीच वहां लटक रहे हाइटेंशन तार की चपेट में आने से करंट लगा,पता होते ही घर वाले उठा कर मेडिकल कालेज लाए,लेकिन वहां पहुंचते ही मौत हो गई। इसका पता होते ही वहां पहुंची कोतवाली शहर की पुलिस ने शव को अपने कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है।

ज़िम्मेदारों की अनदेखी से गंवानी पड़ी ज़िंदगी

रोशन लाल ने अपने मकान के ऊपर से निकले हाइटेंशन तारों को हटाने के लिए कई बार चिट्ठी-पत्री लिखी,साथ ही बार-बार कोई अनहोनी का खतरा भी जताया,लेकिन ज़िम्मेदारों ने कान नहीं दिए। रोशन लाल के भतीजे संतोष कुमार ने आरोप लगाते हाइटेंशन तार काफी अरसे से लटक रहें है,उसके चाचा ने इस बाबत कई बार अपनी अर्ज़ी लगाई,लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई,नतीजतन उसी अनदेखी के चलते उन्हे अपनी ज़िंदगी गंवानी पड़ी। रोशन लाल की इस तरह मौत होने से लोगों में ग़म के साथ गुस्सा है।

वॉलीबाल के खिलाड़ी रहे,साथ ही एसोसिएशन के थे सचिव

पीडब्ल्यूडी के प्रशासनिक अधिकारी रहे रोशन लाल यादव वॉलीबाल के बेहतरीन खिलाड़ियों में गिने जाते थे। वॉलीबाल एसोसिएशन के संयुक्त सचिव मनोज पाण्डेय ने बताया कि हीरालाल वॉलीबाल एसोसिएशन के सचिव और साथ ही वॉलीबाल फेडरेशन आफ इण्डिया के संयुक्त सचिव की ज़िम्मेदारी निभा रहे थे। मनोज पाण्डेय के मुताबिक हीरालाल न सिर्फ उनके गुरु थे,बल्कि सैकड़ो को वॉलीबाल सिखाया जिनकी अच्छे खिलाड़ियों में पहचान बनीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button