टेंट के तार में उतरे करंट की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई अरवल थाना क्षेत्र के शेखपुर नगरिया गांव में रविवार रात अखंड पाठ के दौरान टेंट के तार में उतरे करंट की चपेट में आने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
शेखपुर नगरिया निवासी सुशील रविवार रात गांव में आयोजित अखंड पाठ सुनने गया था। इसी दौरान वह टेंट के तार में उतरे करंट की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलसकर वहीं गिर पड़ा। काफी देर बाद ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी। ग्रामीण आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरपालपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि सुशील दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था और परिवार के भरण-पोषण में सहयोग करता था। वह रविवार सुबह ही दिल्ली से गांव वापस आया था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया। मृतक की मां का नाम अनीता देवी है। परिवार में छह भाई और चार बहनें हैं। सुशील भाइयों में पांचवें नंबर का था। हादसे के बाद रविवार रात शव को हरदोई स्थित मर्चरी हाउस में रखवाया गया था।फिलहाल परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।






