
जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :- गर्दन का दर्द ठीक कराने गई महिला की मौत के मामले के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को संयुक्त टीम ने बनभूलपुरा क्षेत्र में छापेमारी कर तीन क्लीनिकों को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान क्लीनिक संचालक पंजीकरण समेत आवश्यक दस्तावेज और कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रशासन ने तीनों क्लीनिकों को सील कर दिया।
कार्रवाई सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, एसडीएम मोनिका आर्या, एसीएमओ रजत भट्ट, बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने की। टीम ने क्लीनिकों में पहुंचकर संचालकों से पंजीकरण सहित अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के अनुसार, बनभूलपुरा क्षेत्र में बिना आवश्यक दस्तावेजों के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर टीम ने जांच करते हुए कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रशासन ने क्लीनिक संचालकों से स्वास्थ्य विभाग के निर्धारित मानकों के अनुसार पंजीकरण कराने और आवश्यक लाइसेंस व दस्तावेज रखने की अपील की है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना जरूरी अनुमति संचालित होने वाले क्लीनिकों को लेकर प्रशासन की सख्ती के संकेत मिले हैं।






