ABHA सैचुरेशन में सुल्तानपुर प्रदेश में अव्वल, डिप्टी सीएम ने CMO को किया सम्मानित
डिजिटल स्वास्थ्य के क्षेत्र में जिले ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों के सामूहिक प्रयास को मिला सम्मान

जन एक्सप्रेस /सुल्तानपुर :- डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में सुल्तानपुर ने प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। जनसंख्या के सापेक्ष ABHA (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) सैचुरेशन के मामले में सुल्तानपुर ने उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।इस उपलब्धि पर लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित मार्स ऑडिटोरियम में आयोजित आयुष्मान संवाद कार्यक्रम में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने सुल्तानपुर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भारत भूषण को सम्मानित किया।
ABHA निर्माण के क्षेत्र में जिले की यह उपलब्धि डिजिटल हेल्थ इकोसिस्टम को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। ABHA के माध्यम से नागरिकों के स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुगम बनाने में मदद मिलती है।सम्मान प्राप्त करने के बाद सीएमओ डॉ. भारत भूषण ने इस उपलब्धि का श्रेय जिले के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम सहित स्वास्थ्य विभाग की पूरी टीम के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि टीमवर्क और लगातार किए गए प्रयासों के चलते सुल्तानपुर को प्रदेश में यह गौरव हासिल हुआ है। स्वास्थ्य विभाग की इस उपलब्धि से जिले में डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर किए जा रहे प्रयासों को भी नई पहचान मिली है।






