
जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- देहरादून जिले के विकासनगर में गुरुवार को कांग्रेस ने लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकालकर सियासी मोर्चा खोल दिया। यात्रा का संदेश साफ था,लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा। अम्बाड़ी के पंवार मार्केट से शुरू हुई यह यात्रा विकासनगर के रास्ते होती हुई हरबर्टपुर पहुंची। रास्ते में झंडे, नारे और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ ने इलाके का माहौल राजनीतिक बना दिया।
यात्रा में पूर्व कैबिनेट मंत्री नवप्रभात, चकराता विधायक प्रीतम सिंह और मंत्री प्रसाद नैथानी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल रहे। जिला अध्यक्ष संजय किशोर, नगर पालिका अध्यक्ष बॉबी नौटियाल और शहर अध्यक्ष विकास शर्मा, जिला अध्यक्ष किसान पाटी सरदार बलजीत सिंह भी मौके पर मौजूद थे। दर्जनों कार्यकर्ताओं ने यात्रा को सड़क तक ले जाकर पार्टी की मौजूदगी दर्ज कराई।
नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और जनता के मताधिकार पर कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए एकजुट हों और संस्थाओं पर पड़ रहे दबाव के खिलाफ आवाज उठाएं। यात्रा के दौरान यही बात बार-बार दोहराई गई कि संविधान और मतदाता का हक बचाए बिना विकास की कोई बात अधूरी है।
सबसे तीखा हमला चकराता विधायक प्रीतम सिंह की तरफ से आया। उन्होंने भाजपा सरकार पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में विकास कार्य चौपट हो गए हैं और जनता के पास महंगाई के अलावा कुछ नहीं बचा। सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार के कामकाज से आम आदमी परेशान है और भ्रष्टाचार ने व्यवस्था को खोखला कर दिया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रदेश की भ्रष्ट सरकार को हटाने में कांग्रेस का साथ दें।
यात्रा का रुख स्थानीय मुद्दों से आगे बढ़कर सीधे सत्ताधारी दल पर हमले का रहा। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र बचाने का अभियान बताया, जबकि मैदान में संदेश साफ चुनावी तैयारी वाला था—संस्थाओं की आजादी, महंगाई और विकास के दावों पर सवाल। हरबर्टपुर तक पहुंचते-पहुंचते यात्रा कार्यकर्ताओं की जुटान और नेताओं के बयानों के साथ समाप्त हुई, लेकिन भाजपा पर किए गए आरोपों की गूंज इलाके में बनी रही।






