EDUCATIONutrakhandटॉप न्यूज़ट्रेंडिंगपिथौरागढ़

बुली रोकने को लेकर बच्चों को किया जागरूक, चाइल्ड सेफ्टी वीक के तहत दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

बच्चों को बताया—किसी का मजाक उड़ाना, डराना और अपमानित करना भी बुलींग; चुप रहने के बजाय शिक्षक और अभिभावकों को दें जानकारी

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- 19 नवंबर 2026 को  विद्यालयों में बच्चों को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (RKSK) के तहत राजकीय जूनियर हाईस्कूल लिंथुरा में चाइल्ड सेफ्टी वीक (बाल सुरक्षा सप्ताह) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बुलींग (दादागिरी एवं उत्पीड़न) के दुष्प्रभावों, इससे बचाव और अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी पिथौरागढ़ डा जे एस चुफाल के आदेशानुसार एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में जिला चिकित्सालय पिथौरागढ़ के काउंसलर जीवन चंद्र पंत और अनुजा भट्ट ने विद्यार्थियों को विस्तार से जानकारी दी।

काउंसलरों ने बताया कि जब कोई बच्चा दूसरे बच्चे को बार-बार चिढ़ाता है, उसका मजाक उड़ाता है, अपमानित करता है, डराता है, धक्का देता है अथवा जानबूझकर उसे अपने समूह से अलग रखता है, तो यह बुलींग की श्रेणी में आता है। उन्होंने बताया कि बुलींग का बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। इससे बच्चों में डर, तनाव और अकेलेपन की भावना पैदा होती है तथा उनका आत्मविश्वास कम होने लगता है। कई बार बच्चे पढ़ाई में रुचि खो देते हैं और स्कूल जाने से भी डरने लगते हैं।

विद्यार्थियों को समझाया गया कि किसी भी बच्चे का मजाक नहीं उड़ाना चाहिए और सभी के साथ प्यार एवं सम्मान से व्यवहार करना चाहिए। यदि कोई बच्चा बुलींग का शिकार हो रहा है तो उसका साथ देना चाहिए। ऐसी स्थिति में चुप रहने के बजाय शिक्षक, माता-पिता अथवा किसी भरोसेमंद बड़े को इसकी जानकारी देनी चाहिए। काउंसलरों ने सोशल मीडिया और मोबाइल के माध्यम से किसी को परेशान करने से भी बचने की सलाह दी।

कार्यक्रम में बच्चों को विद्यालय को सुरक्षित, खुशहाल और बुलींग मुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया गया। उन्हें संदेश दिया गया कि मजाक वही अच्छा है, जिससे सभी खुश हों और किसी को दुख न पहुंचे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संदेश दिया गया कि प्रत्येक बच्चे का सम्मान करना और उसे सुरक्षित वातावरण देना सभी की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button