
जन एक्सप्रेस/पुरोला :- जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उत्तरकाशी के तत्वावधान में सड़क सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को बर्फिया लाल जुवाँठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पुरोला में परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल जज विवेक शर्मा ने की। इस अवसर पर सिविल जज विवेक शर्मा ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने और सड़क पर सदैव सतर्कता बरतने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन कर ही सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है।
परिवहन विभाग के आरआई अंकित कंडियाल ने सड़क दुर्घटनाओं के कारणों एवं उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। वहीं प्राविधिक कार्यकर्ता दर्शन लाल बसियाल ने सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा संबंधी आवश्यक नियमों, संकेतों एवं सावधानियों की जानकारी दी गई तथा उन्हें स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। महाविद्यालय के प्राध्यापक राजेन्द्र लाल आर्य,विनोद कुमार,कृष्णदेव रतूड़ी सहित कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में उपस्थित रहे।






