विदेश

पाकिस्‍तान में गरीब और अमीर के लिए है अलग कानून

इस्‍लामाबाद । पाकिस्‍तान के पूर्व पीएम इमरान खान ने एक बार फिर न्‍यायपालिका के खिलाफ अपनी भड़ास सार्वजनिक तौर पर निकाली है। एक रैली में इमरान खान ने कहा कि इस देश में गरीब के लिए अलग कानून है और अमीर के लिए अलग कानून है। गरीब जरा सी गलती पर जेल जाता है जबकि अमीर बड़े अपराध करने के बाद भी मजे से घूमता है। उन्‍होंने यहां तक कहा कि जिस देश की कोर्ट न्‍याय नहीं दे सकती हैं वो देश कभी तरक्‍की भी नहीं कर सकता है। मुल्‍तान में हुई रैली में इमरान न्‍यायपालिका के रवैये से गुस्‍साए नजर आए। पूर्व पीएम ने कहा कि वो देश में तरक्‍की और खुशहाली लाना चाहते हैं। यदि जनता ने उन्‍हें सत्‍ता में लौटने का दूसरा मौका दिया तो वो ऐसा करके रहेंगे।

मुल्‍तान की रैली में इमरान खान ने यहां तक कहा कि वि‍कसित देशों में ये सुनिश्चित किया जाता है कि वहां के लोगों को न्‍याय मिले। लेकिन यहां पर ऐसा न होने की वजह से हालात खराब है। मुल्‍तान में पीटीआई चीफ का न्‍यायपालिक के प्रति गुस्‍सा सातवें आसमान पर दिखाई दिया। उनके ये तेवर उनके खिलाफ कोर्ट की अवमानना मामले में सुनवाई का आदेश दिए जाने के बाद से और बढ़ गए हैं। उन्‍होंने पार्टी नेता शहबाज गिल की गिरफ्तारी का आदेश देने वाली एडिशनल जिला और सत्र न्‍यायधीश के खिलाफ बयान दिया था। उन्‍होंने कहा था कि जज साहिबा का आदेश पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। उन्‍होंने ये तक कहा था कि जब उनकी सरकार आएगी तो वो उनके खिलाफ कार्रवाई करेगी।

मुल्‍तान में इमरान खान ने कहा कि हमें आम जनता और न्‍यायपालिका के बीच विश्‍वास का पुल बनाने की जरूरत है। उन्‍होंने ये भी कहा कि देश के करीब 1 करोड़ लोग विदेशों में रहते हैं। यदि वो सत्‍ता में आते हैं तो वो उन्‍हें देश में निवेश का सुनहरा मौका देंगे। उन्‍होंने पहले भी ये मौका दिया था। लेकिन वे तभी निवेश करेंगे जब देश की कोर्ट सही न्‍याय देंगी। अपनी रैली में उन्‍होंने पीएमए-एन की कुछ वीडियो क्‍लीपिंग भी दिखाई जिसमें पीएमएल-एन ने कोर्ट के खिलाफ टिप्‍पणी की थी। ये वीडियो 90 के दशक की हैं। इमरान ने कहा कि नवाज और भुट्टो परिवार ने देश को 3 दशकों तक लूटा। अब नवाज फिर से भ्रष्‍टाचार के मामले में राहत की मांग कर रहे हैं। अब वो दोबारा वापस आना चाहते हैं जिससे वो फिर से देश को जी भर कर लूट सकें। उन्‍होंने कहा कि पुलिस और कोर्ट केवल छोटी मछली पर ही हाथ डालते हैं, जबकि बड़ी मछलियां हमेशा मौज में जीती हैं।

JAN EXPRESS

जन एक्सप्रेस न्यूज़ – सच दिखाने की ज़िद हमारा उद्देश्य है आपको सही और निष्पक्ष खबरों से जोड़ना। जन एक्सप्रेस न्यूज़ यूट्यूब चैनल पर आप पाएंगे ताजा खबरें, विशेष रिपोर्ट, और सामाजिक मुद्दों पर गहन विश्लेषण। यहां हर खबर को पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ पेश किया जाता है। हम आपकी आवाज़ को बुलंद करने और समाज के हर कोने से जुड़ी सच्चाई को उजागर करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। राजनीति, समाज, शिक्षा, और मनोरंजन से जुड़ी हर खबर के लिए जुड़े रहें जन एक्सप्रेस न्यूज़ के साथ। 📢 सच दिखाने की ज़िद, हर सच के साथ! सब्सक्राइब करें और हर खबर से अपडेट रहें।
Back to top button