धमतरी-शहर के तालाबों में नहर से पहुंचने लगा निस्तारी पानी

धमतरी। ग्रामीण अंचलों के साथ इस साल शहर के कई तालाब समय से पहले सूखने लगा। रमसगरी तालाब में बहुत ही कम पानी है। जबकि मकई तालाब सूखा पड़ा है। शहर के ऐसे अन्य तालाबों में भी पानी की कमी है, इससे तालाब का सुंदरीकरण खत्म हो चुका है। नगर निगम इन तालाबों में पानी भरने जल संसाधन विभाग से मांग की थी। मांग पर अब सहायक नहर से शहर के तालाबों में निस्तारी पानी आना शुरू हो चुका है। शहर के आठ से नौ तालाबों को हर साल अप्रैल माह में भरा जाता है।
इस साल मार्च-अप्रैल माह से ही शहर के तालाबों का पानी तेजी से सूखा। मकई तालाब के अधिकांश हिस्सा पूरी तरह से सूख चुका है। जबकि शहर के कई निस्तारी तालाबों में पानी बहुत ही कम है, जो जरूरतमंदों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। इन तालाबों को भरने नगर निगम ने पिछले दिनों जल संसाधन विभाग से निस्तारी पानी देने की मांग की थी।
निगम की मांग पर जल संसाधन विभाग ने महानदी मुख्य नहर से सहायक नहर के माध्यम से शहर के तालाबों के लिए निस्तारी पानी छोड़ दिया है, जो कलेक्ट्रेट रोड के सहायक नहर से होते हुए शहर के तालाबों में पहुंचने लगा है। 25 व 26 अप्रैल से तालाबों को भरने के लिए पानी छोड़ा गया है।
नगर निगम के महापौर विजय देवांगन व जल विभाग के अध्यक्ष अवैश हाशमी ने बताया कि इस साल भी शहर के आठ से नौ तालाबों में पानी भरा जाएगा, इसके लिए सफाई किया जा चुका है। अब नहर से होकर पानी तालाबों तक पहुंचने लगा है। जल्द ही शहर के तालाबों में पानी भर जाएगा, इससे जरूरतमंदों लोगों को राहत मिलेगी। वहीं शहर के कई तालाबों का सुंदरीकरण बढ़ेगा।श्री हाशमी ने बताया कि तालाबों की स्थिति को देखते हुए नहर से छोड़े निस्तारी पानी से शहर के रमसगरी तालाब रामसागर पारा वार्ड, मकई तालाब, खोड़िया तालाब विंध्यवासिनी वार्ड, गंगा तालाब, शीतला तालाब, लिमाही तालाब, नया तालाब सोरिद वार्ड सहित अन्य तालाबों को भरा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि तालाबों में पानी भरने के बाद लोगों को राहत मिलेगी। आज भी गौरवपथ मार्ग पर स्थित आमा तालाब, रामपुर वार्ड स्थित तालाब समेत अन्य तालाबों में शहरवासी नहाने समेत अन्य निस्तारी करते हैं। वर्तमान में इन तालाबों में पानी कम है। पानी भरने के बाद वार्डवासियों को राहत मिलेगी।






