मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री आज मेधावी विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए अंतरित करेंगे राशि

भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (गुरुवार को) भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित “प्रतिभाशाली विद्यार्थी सम्मान समारोह” में विद्यार्थियों के बैंक खाते में सिंगल क्लिक से प्रति विद्यार्थी 25 हजार रुपये राशि का अंतरण करेंगे। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा आयोजित सत्र 2022-23 की कक्षा-12वीं की बोर्ड परीक्षा में प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप क्रय के लिए यह राशि दी जाएगी।

लोक शिक्षण आयुक्त अनुभा श्रीवास्तव ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा मण्डल की सत्र 2022-23 की कक्षा 12वीं की परीक्षा में प्रदेश भर में 78 हजार 641 विद्यार्थियों ने प्रथम प्रयास में 75 प्रतिशत अथवा उससे अधिक अंक अर्जित किये हैं। प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजनान्तर्गत ये सभी विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। प्रति विद्यार्थी 25 हजार रुपये राशि के मान से कुल 78 हजार 641 विद्यार्थियों के खातों में कुल 196 करोड़ 60 लाख 25 हजार रुपये की राशि अंतरित की जाएगी।

उन्होंने बताया कि “प्रतिभाशाली विद्यार्थी सम्मान समारोह” के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में भोपाल संभाग के विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़ एवं भोपाल जिले के 10 हजार 359 विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। प्रदेश के प्रत्येक जिले से सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले एक-एक विद्यार्थी इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित होंगे। इस अवसर पर स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इन्दर सिंह परमार, जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह और स्कूल शिक्षा एवं जनजातीय कार्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button