बहराइच

पूर्व विधायक जटाशंकर सिंह नहीं रहे, त्रिमुहानी घाट पर ज्येष्ठ पुत्र ने दी मुखाग्नि

सांसद, विधायक, डीएम तथा एसपी समेत अनेक लोगों ने दी श्रद्धांजलि

बहराइच। जिले के कद्दावर भाजपा नेता तथा पूर्व विधायक जटाशंकर सिंह का गुरुवार की देर शाम लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में निधन हो गया। वह 80 वर्ष के थे। शुक्रवार को भीषण सर्दी के बावजूद श्री सिंह के सिविल लाइंस स्थित आवास पर उनका अंतिम दर्शन करने वालों की भीड़ जुटी रही। अंतिम दर्शन करने वालों में सांसद बृजभूषण शरण सिंह, विधायक सुभाष त्रिपाठी, अनुपमा जायसवाल, सुरेश्वर सिंह, पूर्व सांसद सावित्रीबाई फुले, जिलाधिकारी मोनिका रानी तथा पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा समेत अनेक लोगों ने पुष्प चक्र भेंट कर दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन किए।
भाजपा नेता जटाशंकर सिंह पिछले कुछ महीनों से बीमार चल रहे थे विगत 21 दिसंबर को अचानक उनकी तबियत बिगड़ी तो उन्हें बहराइच से लखनऊ के डिवाइन हार्ट सेंटर ले जाया गया जहां कुछ दिन उपचार होने के बाद लखनऊ के ही संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया जहां गुरुवार की देर शाम उन्होंने अंतिम सांस ली।
दिवंगत भाजपा नेता श्री सिंह जनपद के अग्रिम पंक्ति के नेताओं में गिने जाते थे। नानपारा विधानसभा क्षेत्र से वह एक बार जनता पार्टी और तीन बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए। वर्ष 2004 से वह किसान पीजी कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष रहे इनके कार्यकाल में कॉलेज ने उल्लेखनीय प्रगति की। पूर्व विधायक अपने पीछे चार पुत्र व एक पुत्री तथा नाती पोतों से भरा पूरा परिवार बिलखता छोड़ गए। शुक्रवार को दोपहर उनकी शव यात्रा सिविल लाइंस स्थित आवास से निकली। फूलों से सजे ट्रक पर उनका पार्थिव शरीर रखा गया जिसे भाजपा तथा राष्ट्रीय ध्वज से ढका गया। किसान पीजी कॉलेज के मुख्य द्वार पर कॉलेज प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष संजीव सिंह, सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. आर एस राठौर, सत्यदेव सिंह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह तथा कार्यालय अधीक्षक राजवंत सिंह ने पुष्प चक्र तथा माल्यार्पण कर दिवंगत प्रबंध समिति के अध्यक्ष को अंतिम विदाई दी। चिंता को मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र राघवेंद्र प्रताप सिंह टिंकू ने दी। इस मौके पर उनके अन्य पुत्र भानु प्रताप सिंह बृजेंद्र प्रताप सिंह तथा देवेंद्र प्रताप सिंह समेत उनके अनेक राजनीतिक सहयोगी शिक्षक पत्रकार अधिवक्ता और न्यायिक अफसर उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button