हरदोई में मेजर पंकज कुमार पांडेय की प्रतिमा का अनावरण, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मेडिकल कॉलेज का नाम शहीद के नाम पर करने की घोषणा

जन एक्सप्रेस /हरदोई :- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने हरदोई के अमर शहीद मेजर पंकज कुमार पांडेय की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने हरदोई मेडिकल कॉलेज का नाम अमर शहीद मेजर पंकज कुमार पांडेय के नाम पर रखने की घोषणा भी की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी ने की। उपमुख्यमंत्री ने प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को श्रद्धांजलि दी, परिसर में पौधरोपण किया और मेजर पंकज कुमार पांडेय से जुड़ी स्मृतियों का अवलोकन भी किया। उन्होंने शहीद के पिता अवधेश कुमार पांडेय को सम्मानित किया।
अपने संबोधन में ब्रजेश पाठक ने कहा कि मेजर पंकज कुमार पांडेय ने विषम परिस्थितियों में अपने साथी सैनिक की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया और मातृभूमि की सेवा में अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि हरदोई की धरती ऐसे वीर सपूत पर गर्व करती है।
डिप्टी सीएम ने घोषणा की कि हरदोई मेडिकल कॉलेज का नाम अमर शहीद मेजर पंकज कुमार पांडेय के नाम पर रखने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। उन्होंने हरदोई के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भी भरोसा दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे लेफ्टिनेंट जनरल विष्णुकांत चतुर्वेदी ने मेजर पंकज कुमार पांडेय के साथ बिताए अनुभव साझा करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। अन्य वक्ताओं ने भी शहीद के अदम्य साहस और बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर एमएलसी अवनीश कुमार सिंह, विधायक मानवेन्द्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती पी.के. वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन, ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेयी, शहीद के माता-पिता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, साहित्यकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


