हरदोई में सड़क चौड़ीकरण के बाद फिर लगेगा सम्राट अशोक स्तंभ, डीएम के आश्वासन से टला प्रदर्शन

जन एक्सप्रेस/हरदोई: हरदोई में डीएम चौराहे से सम्राट अशोक स्तंभ हटाए जाने को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्टों के बाद समाज के विभिन्न संगठनों और प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी अनुनय झा से मुलाकात कर मामले पर स्पष्टीकरण मांगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि डीएम चौराहे पर चल रहे सड़क चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण कार्य के बाद पुनः सम्राट अशोक स्तंभ ही स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी अन्य महापुरुष की प्रतिमा लगाए जाने की चर्चाएं पूरी तरह भ्रामक हैं।
पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि डीएम चौराहे से अशोक स्तंभ हटाकर किसी अन्य प्रतिमा को स्थापित करने की तैयारी की जा रही है। इसे लेकर सम्राट सेना और मौर्य, कुशवाहा, शाक्य व सैनी समाज के लोगों में नाराजगी बढ़ रही थी।
शुक्रवार को सम्राट सेना के जिलाध्यक्ष सुनीत मौर्य, सपा नेता अरुण मौर्य, छविनाथ कुशवाहा, सुरेश कुशवाहा, इन्द्रपाल कुशवाहा और सुमित कुशवाहा समेत कई प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी चिंताएं जाहिर कीं।
डीएम अनुनय झा ने बताया कि कुछ वर्ष पहले पुराना अशोक स्तंभ क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसके बाद आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान नया स्तंभ स्थापित कराया गया था। वर्तमान में कलेक्ट्रेट रोड चौड़ीकरण और चौराहे के सौंदर्यीकरण का कार्य जारी है, इसलिए स्तंभ को अस्थायी रूप से हटाया गया है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य पूरा होने के बाद सम्राट अशोक स्तंभ को सम्मानपूर्वक उसी स्थान पर पुनः स्थापित किया जाएगा। डीएम के आश्वासन के बाद सम्राट सेना ने 30 मई को प्रस्तावित प्रदर्शन वापस लेने की घोषणा कर दी।


