सांसद खेल महोत्सव के समापन में 12 मार्च को बेगूसराय आ रही है

बेगूसराय । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा से राज्यसभा सदस्य प्रो. राकेश सिन्हा द्वारा बेगूसराय में आयोजित सांसद खेल महोत्सव अंतिम चरण में पहुंच गया है। 11 एवं 12 मार्च को जिला मुख्यालय के गांधी स्टेडियम में सभी खेल का फाइनल आयोजित किया जाएगा।
समापन समारोह में भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष और भारत में खेल की उड़नपरी के नाम से दुनिया भर में चर्चित राज्यसभा सदस्य पी.टी. उषा विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करेगी। इस अवसर पर आयोजक प्रो. राकेश सिन्हा के अलावा बाइचुंग भुटिया के साथ फुटबॉल खेल चुके अजय कुमार सिंह एवं राष्ट्रीय स्तर के तीरंदाज अंजली सिंह भी उपस्थित रहेंगे।
विभिन्न विधा के नौ सौ खिलाड़ियों के बीच होने वाले जिला स्तरीय प्रतियोगिता के समापन समारोह को केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश, गौतम गंभीर सहित अन्य लोग भी ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करेंगे। खेल महोत्सव के समापन समारोह एवं पी.टी. उषा के स्वागत की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है। तैयारी को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को राकेश सिन्हा के बेगूसराय स्थित आवास पर खेल महोत्सव संचालन समिति की बैठक की गई।
संचालन समिति की बैठक के बाद आयोजित प्रेसवार्ता में कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी दी गई। निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष राज किशोर सिंह ने कहा कि बेगूसराय में पहली बार राज्यसभा सांसद प्रो. राकेश सिन्हा द्वारा प्रधानमंत्री की पहल पर संसद खेल महोत्सव का आयोजन कराया गया है। 26 फरवरी से जिले के सभी प्रखंडों के 24 मैदान में विभिन्न खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें करीब तीन हजार खिलाड़ी शामिल हुए, यह तो अभी शुरुआत है, आगे बहुत कुछ होना है। बिहार में पहली बार आ रही पी.टी. उषा जब खिलाड़ियों के बीच रहेगी तो जोश और खरोश की कल्पना नहीं की जा सकती है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गांव में छुपी खेल प्रतिभा को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्लेटफार्म देने के लिए इस महोत्सव का आह्वान किया। प्रधानमंत्री के संकल्प को मूर्त रूप दे रहे राकेश सिन्हा ने बेगूसराय में खेल महोत्सव का आयोजन कर ग्रामीण प्रतिभा को बड़ा प्लेटफार्म दे दिया। समापन समारोह में 12 मार्च को उड़नपरी पी.टी. उषा आ रही हैं, सभी तैयारी कर ली गई है, यह संदेश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जाएगा।
माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश प्रसाद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ”खेलेगा इंडिया-बढ़ेगा इंडिया” का सिर्फ नारा नहीं दिया, बल्कि उसे चरितार्थ कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राष्ट्र के विकास के लिए अनोखा प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री के आह्वान पर पेंटिंग और परीक्षा पे चर्चा के बाद गांवों में छुपी खेल प्रतिभा को निखारा जा रहा है। राकेश सिन्हा ने इसके लिए बेगूसराय के सभी 18 प्रखंडों में शानदार पहल की।
समापन समारोह में क्वीन ऑफ इंडियन ट्रैक उड़नपरी पी.टी. उषा आ रही है तो इसका संदेश सिर्फ यहीं के खेल-खिलाड़ी नहीं, पूरे देश में जाएगा। अभी तक जिस पी.टी. उषा को लोग सिर्फ टीवी पर देखते थे, विश्व में भारत की वह शान जब बेगूसराय के इस महाकुंभ में शामिल होकर खिलाड़ियों से मिलेंगी तो उनमें और जोश का संचार होगा। वह सब खिलाड़ी राष्ट्र के प्रगति में सहभागी बनेंगे।
कार्यक्रम संयोजक नवीन कुमार एवं सुनील कुमार ने कहा कि यह खेल महोत्सव प्रधानमंत्री की प्रेरणा से देश के विभिन्न जगहों पर हो रहा है। बिहार में भी कई जिला में इसका आयोजन हो रहा है। लेकिन बेगूसराय में चल रहा यह महोत्सव देश में एक अलग पहचान बन रहा है। ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों और अभिभावकों में उत्साह देखा जा रहा है। राकेश सिन्हा बेगूसराय के खिलाड़ियों को प्रेरित करने वाली विश्वस्तरीय हस्ती पी.टी. उषा को ला रहे हैं तो उनसे बहुत कुछ देखने-सीखने को मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर खेल प्रतिभा को उभारने का यह महोत्सव नया अध्याय रखेगा।
बछवाड़ा विधायक सुरेन्द्र मेहता ने कहा कि बेगूसराय में पी.टी. उषा का आगमन एक सपना जैसा है और हम सब के लिए गर्व का विषय है कि आने वाला कल देश का है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संकल्प को राकेश सिन्हा ने जिस चुनौती के रूप में लिया है, वह साकार हो रहा है। प्रेसवार्ता को उपमहापौर अनिता दास एवं बलराम सिंह ने भी संबोधित किया।






