बेसिक शिक्षा विभाग की तरक्की का रास्ता बनाएंगे शिक्षक—जल्द सीएम डैशबोर्ड में अव्वल होगा विभाग: विधायक अविनाश द्विवेदी
पढ़ाई के साथ खेल में भी दें पूरा ध्यान: जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का भव्य आगाज़ प्रतियोगिताओं में बच्चों की प्रतिभा को निखारने पर जोर, निष्पक्ष चयन का आश्वासन

जन एक्सप्रेस राजापुर/चित्रकूट।विशिष्ट गुरूकुलम राजापुर प्रांगण में दो दिवसीय जनपदीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारम्भ मानिकपुर विधायक अविनाश चन्द्र द्विवेदी ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। विधायक ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि बीएसए की कर्मठता व शिक्षकों की मेहनत के दम पर बेसिक शिक्षा विभाग जल्द ही सीएम डैशबोर्ड में प्रदेश भर में अव्वल स्थान हासिल करेगा।विधायक ने शिक्षकों को शिक्षा को धर्म समझकर कार्य करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ बच्चों को खेलों में भी विशेष ध्यान देना चाहिए, क्योंकि खेल जीवन में अनुशासन, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।कार्यक्रम में बीएसए बी.के. शर्मा ने बच्चों की प्रतिभाओं को सम्मान देने और प्रतियोगी खिलाड़ियों का निष्पक्ष चयन करने का आश्वासन दिया। उन्होंने निर्णायकों से भी पूर्ण निष्पक्षता के साथ निर्णय लेने की अपील की। उद्घाटन के दौरान विधायक ने ध्वजारोहण किया, मार्चपास्ट की सलामी ली और खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई। गत वर्ष के चैम्पियनों ने मशाल यात्रा निकालकर मैदान की प्रदीक्षणा की। इसके बाद विधायक ने 100 मीटर दौड़ को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिताओं की शुरुआत की।संयोजक खण्ड शिक्षा अधिकारी रामनगर एन.पी. सिंह ने प्रतियोगिता की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। यूपीएस रेरूवा के छात्रों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जबकि करौंदी कला के विद्यार्थियों ने पीटी की प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। प्रतियोगिता के परिणामों में प्राथमिक स्तर पर 50 मीटर दौड़ में अमन कुमार (खोर रामनगर) व शबीना (मुस्लिम पुरवा पहाड़ी) प्रथम रहे। 100 मीटर में विभा (इटरौल) व अभिषेक सुहेल ने बाजी मारी। 200 मीटर बालिका वर्ग में चुनकीवा ओरा प्रथम रहीं। कबड्डी और खो-खो के प्राथमिक बालिका वर्ग में पहाड़ी ब्लॉक विजेता रहा। खो-खो बालक वर्ग में पहाड़ी विजेता और मानिकपुर उपविजेता रहे। योगा प्रतियोगिताओं में रामनगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कई श्रेणियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधक धनीराम वर्मा, प्रधानाचार्य विजय भान सिंह, जिला पंचायत सदस्य शिवशंकर सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक और छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। संचालन साकेत बिहारी शुक्ला ने किया।






