देश

सोरेन सरकार के खिलाफ भाजपा का हल्ला बोल

रांची । भारतीय जनता पार्टी आज (मंगलवार) झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार के खिलाफ अपराह्न तीन बजे से हल्ला बोलेगी। सचिवालय का घेराव कर प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें हिस्सा लेने के लिए राज्यभर से हजारों कार्यकर्ता राजधानी रांची पहुंच चुके हैं।

हल्ला बोल में हिस्सा लेने के लिए संताल परगना से सांसद निशिकांत दुबे के हजारों समर्थक विशेष ट्रेन से पहुंचे है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी सहित प्रदेश के सभी दिग्गज मौजूद रहेंगे। इनमें प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद और विधायक प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

भाजपा ने दावा किया है कि 50 हजार से अधिक कार्यकर्ता और समर्थक इस घेराव में हिस्सा लेंगे। हेमंत सरकार के खिलाफ प्रदर्शन की शुरुआत जेएससीए स्टेडियम के पास प्रभात तारा मैदान से दोपहर बाद तीन बजे होगी। यहां से भाजपा का कारवां सचिवालय की तरफ बढ़ेगा। प्रभात तारा मैदान में कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई है। विधायक सीपी सिंह को इसका जिम्मा सौंपा गया है।

इस हल्ला बोल से अधिकारियों की सांस अटकी हुई है। आनन-फानन में रांची प्रशासन ने धुर्वा गोलचक्कर, प्रोजेक्ट भवन, चांदनी चौक, हटिया को जोड़ने वाली सड़क और इस सड़क के 200 मीटर की परिधि में सुबह आठ बजे से निषेधाज्ञा (धारा 144) लगा दी है। यह निषेधाज्ञा रात 11ः30 बजे तक प्रभावी रहेगी। प्रशासन का कहना है कि ड्रोन और सीसीटीवी से नजर रखी जा रही है। कानून-व्यवस्था की स्थिति संभालने के लिए 1500 जवानों को तैनात किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button