नेपाल में दंगा-प्रदर्शन के बाद, भारतीय सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

जन एक्सप्रेस / महराजगंज : भारत से सटे नेपाल राष्ट्र में दंगा-प्रदर्शन और हालात पर काबू पाने के लिए नवलपरासी जिला सहित कई शहरों में कर्फ्यू लग गया है। ऐसे में भारतीय सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। बार्डर सीमा से सटे ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र से लेकर लक्ष्मीपुर खुर्द चौकी तक चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं। एहतियातन तीन थानों सिंदुरिया, कोठीभार सहित ठूठीबारी की अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी सीमा पर लगा दी गई है।
भारतीय सुरक्षा एजेंसियां नेपाल में बिगड़े हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। सीमा से सटे गांवों में चोर रास्तों और पगडंडियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी असामाजिक तत्व की घुसपैठ या अवैध गतिविधि को रोका जा सके। बार्डर पर तैनात एसएसबी व पुलिस संयुक्त रूप से गश्त कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक- चौबंद है। आम जनता से अपील की गई है कि अफवाहों पर ध्यान न दें।
नेपाल में प्रदर्शनकारियों की हिंसक गतिविधियों और कर्फ्यू के चलते वहां से आम नागरिकों का भारत आना- जाना लगभग ठप हो गया है। इसका असर सीमाई बाजारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है। सीमा चौकियों पर हर वाहन और राहगीर की गहन जांच की जा रही है। वही पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त फोर्स तैयार है। सुरक्षा एजेंसियों ने यह भी साफ किया है कि भारतीय सीमा में शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस बाबत सीओ शिव प्रताप सिंह ने बताया कि नेपाल में तनाव को लेकर तीन थानों की अतिरिक्त फोर्स तैनात किया गया है, बार्डर क्षेत्र के हर एक गतिविधियों पर पैनी नजर है।






