‘दूल्हा तो पापा की उम्र का है!’ दुल्हन ने शादी से किया इनकार, लौट गई इंदौर से आई बारात
कन्या पक्ष का आरोप— दिखाया एक, भेजा कोई और; इलाके में दिनभर रही चर्चा गर्म

जन एक्सप्रेस/प्रयागराज : उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फूलपुर इलाके में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया जब दुल्हन ने ऐन वक्त पर शादी से इनकार कर दिया। उसका कहना था कि जो दूल्हा शादी के लिए आया है, वह उसके पिता की उम्र का है। बात यहीं नहीं रुकी—कन्या पक्ष ने आरोप लगाया कि उन्हें दूल्हे की तस्वीर किसी और की दिखाई गई थी, जबकि बारात में सेहरा पहनकर कोई और आ गया।
सेहरे के पीछे छिपा चेहरा देख भड़की दुल्हन
मध्य प्रदेश के इंदौर से बारात फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में पहुंची थी। जैसे ही द्वाराचार की रस्म शुरू हुई और दुल्हन ने दूल्हे का चेहरा देखा, वह गुस्से से भर उठी। उसने साफ शब्दों में कहा, “ये तो मेरे पापा की उम्र के हैं, मैं शादी नहीं करूंगी।” यह सुनते ही दोनों पक्षों में खलबली मच गई।
दिखाया एक, भेजा दूसरा
कन्या पक्ष ने आरोप लगाया कि वर पक्ष ने उन्हें धोखे में रखा। जो फोटो पहले दिखाई गई थी, वह किसी और युवक की थी, लेकिन शादी के दिन सेहरा किसी और को पहना दिया गया। दूल्हे की उम्र को लेकर ऐतराज़ जताते हुए दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया।
घंटों तक चली पंचायत, पुलिस भी पहुंची मौके पर
स्थिति को संभालने के लिए दोनों पक्षों में घंटों पंचायत चली, लेकिन कोई हल नहीं निकला। मामले की सूचना मिलते ही यूपी 112 और फूलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया।
इंसानियत दिखाते हुए घरातियों ने कराया भोजन, लौटी खाली बारात
हंगामे के बाद भी दुल्हन पक्ष ने समझदारी और इंसानियत का परिचय दिया। उन्होंने बरातियों को भोजन कराया और फिर सुबह उन्हें वापस इंदौर के लिए रवाना कर दिया। बिना दुल्हन के लौटी यह बारात अब इलाके भर में चर्चा का विषय बन गई है।
कोई तहरीर नहीं, पर संदेश गहरा
कन्या पक्ष ने इस पूरे मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं दी, लेकिन यह घटना एक बार फिर बाल विवाह, धोखाधड़ी और उम्र असमानता जैसे सामाजिक विषयों को चर्चा के केंद्र में ले आई है।






