देश

कम्प्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल से कामकाज पर लगा ब्रेक, लोग परेशान

Listen to this article

फतेहाबाद । कम्प्यूटर प्रोफेशनल यूनियन के प्रदेशव्यापी हड़ताल के आह्वान के चलते सोमवार को फतेहाबाद के सरकारी विभागों में कार्यरत कम्प्यूटर ऑपरेटर हड़ताल पर रहे। कम्प्यूटर ऑपरेटरों की हड़ताल का लघु सचिवालय स्थित दफ्तरों में काफी असर देखने को मिला। हड़ताल के कारण यहां सारा कामकाज ठप रहा। इसके चलते ई-दिशा केंद्र पूरी तरह खाली रहा।

हड़ताल के कारण ई-दिशा केंद्र में लाइसेंस बनाने, फर्द जारी करने व अन्य दस्तावेज संबंधी सभी कार्य ठप रहे। सप्ताह का पहला दिन होने के कारण लोगों की भीड़ रही। लोग ई-दिशा केंद्र पहुंचे, लेकिन उन्हें वापस लौटना पड़ा। लोगों ने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन को पहले ही व्यवस्था कर देनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। कम्प्यूटर प्रोफेशनल यूनियन के प्रदेश उपाध्यक्ष सुखविन्द्र सिंह व जिला अध्यक्ष देवीलाल ने बताया कि कम्प्यूटर प्रोफेशनल यूनियन पिछले काफी समय से अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है।

11 सितम्बर 2019 को भारतीय मजदूर संघ के साथ तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में सेवा नियमों को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद अब 4 साल से इस पर कोई काम नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि उनकी मांग है कि डीआईटीएस को केन्द्रीकृत किया जाए तथा बजट का प्रावधान किया जाए। सभी कार्यरत कर्मचारियों के लिए पद सृजित किए जाएं। एचकेआरएनएल में भेजे गए सभी कर्मचारियों को वापस डीआईटीएस में समायोजित किया जाए। 58 वर्ष तक सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए, लेकिन सरकार उनकी मांगों को नजरअंदाज कर रही है। इसलिए यह हड़ताल की जा रही है। अगर जल्द ही उनकी मांगों को पूरा नहीं किया गया तो हड़ताल लंबी चल सकती है। फतेहाबाद के अलावा रतिया व टोहाना के ई-दिशा केंद्रों में भी कामकाज ठप रहा। लोग काम करवाने के लिए आए, लेकिन कोई कर्मचारी न होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button