UP Breaking NewsUP POLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई: गंगा एक्सप्रेसवे पर खड़े ट्रक से टकराई अर्टिगा, चालक और 9 वर्षीय बच्चे की मौत

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई जिले के पचदेवरा थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेसवे पर शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सेढामऊ अंडरपास के पास पोल संख्या-271 के निकट दिल्ली से प्रतापगढ़ जा रही एक अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकरा गई। हादसे में कार चालक और एक 9 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार, हादसा इतना गंभीर था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतकों की पहचान पवन शुक्ला (37 वर्ष) निवासी अयोध्या तथा आर्थिक मिश्रा (9 वर्ष) के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही पचदेवरा पुलिस और गंगा एक्सप्रेसवे की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। चालक पवन शुक्ला कार में फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। अन्य घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सामान्य कराया और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

पुलिस कर रही है हादसे की जांच

पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में कार के सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से टकराने की बात सामने आई है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button