क्या गांधी परिवार पर निशाना साधा है?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने लगभग हर संबोधन में और लगभग हर दूसरे तीसरे ट्वीट में अंबानी और अडाणी पर निशाना साधते हैं। राहुल गांधी यह भूल जाते हैं कि वह देश के उन उद्योगपतियों को कोस रहे हैं जो सर्वाधिक संख्या में लोगों को रोजगार मुहैया कराते हैं और देश की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने में उनका अहम योगदान है। लेकिन मोदी विरोध में राहुल गांधी अक्सर देश के उद्योगपतियों को निशाने पर लेते हैं। आजकल राहुल गांधी सबसे ज्यादा निशाना अडाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अडाणी पर साधते हैं क्योंकि उन्हें यह बहुत खल रहा है कि कैसे गौतम अडाणी दुनिया के दूसरे सबसे अमीर आदमी बन गये हैं। राहुल गांधी आरोप लगाते रहते हैं कि देश के संसाधनों को अडाणी और अंबानी को दिया जा रहा है। अब राहुल गांधी जिन अडाणी पर निशाना साधें तो मानकर चलना चाहिए कि कांग्रेस नेता उनसे दूरी बनाये रखेंगे लेकिन राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जब ‘निवेश राजस्थान समिट’ आयोजित की तो गौतम अडाणी को ना सिर्फ अपनी बगल में बिठाया बल्कि बार-बार गौतम भाई कहकर संबोधित भी किया और साथ ही उन्हें दुनिया का दूसरे नंबर का अमीर बनने पर बधाई भी दी।






