उच्च शिक्षा मंत्री रजनी तिवारी ने सीएचसी शाहाबाद में स्वास्थ्य मेले का किया शुभारंभ

जन एक्सप्रेस/हरदोई : शाहाबाद हरदोई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बारह साल का शानदार कार्यकाल पूरा होने पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को एक स्वास्थ्य मेला एवं जन कल्याण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री और शाहाबाद विधानसभा क्षेत्र की विधायक रजनी तिवारी ने भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने सबसे पहले स्वास्थ्य मेले का फीता काटकर शुभारंभ किया। तत्पश्चात स्वास्थ्य मेले में आए लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा सरकार अपने देशवासियों के स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह से सजग है प्रदेश और देश के मेडिकल कॉलेजों और स्वास्थ्य संस्थानों में सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा आयुष्मान कार्ड के माध्यम से लोगों को निशुल्क स्वास्थ्य सेवा भी प्रधानमंत्री द्वारा प्रदान की जा रही है। जिसका करोड़ों लोग फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कोरोना कार्यकाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह से बहाल रखीं। सीमित संसाधनों में सरकार ने लोगों की ठीक तरह से देखभाल की। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री ने कहा कोरोना कार्यकाल में ऑक्सीजन के अभाव में क्षेत्र में तमाम लोगों की मौत हुई उसके बाद उन्होंने तत्काल अपनी विधायक निधि से सीएचसी शाहबाद में ऑक्सीजन प्लांट का निर्माण कराया। इसी अस्पताल में हेल्थ एटीएम जैसी सुविधा प्रदान की गई जिसमें सभी प्रकार की जांचें निशुल्क होती हैं। उच्च शिक्षा मंत्री ने केंद्र और प्रदेश सरकारों की उपलब्धियां भी गिनाई और बताया सरकार सभी वर्गों को साथ लेकर सभी का विकास करने में लगी हुई है। उन्होंने कहा युद्ध के दौरान डीजल, पेट्रोल और गैस की किल्लत आई है इसमें आप सभी को सहयोग करना चाहिए। जल्द ही समस्या से भी मुक्ति मिल जाएगी। उन्होंने कहा सरकार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास देकर उनका सहारा बन रही है। मिशन शक्ति के अंतर्गत नारी सुरक्षा की योजनाएं चलाई जा रही है यानि हर मोर्चे पर सरकार पूरी तरह से जनहित के कार्य कर रही है। इस मौके पर उच्च शिक्षा मंत्री में वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता आसाराम राठौर, रमेश चंद्र राठौर, सुभाष रस्तोगी, सुभाष सिंह सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष अनिल पांडे पिंटू, सुभाष रस्तोगी, सुभाष सिंह, गंगाराम राठौर, अंकित गुप्ता आदि मौजूद रहे।






