मिशन लाइफ पर्यावरण संरक्षण के साथ जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण जन अभियान: निगमायुक्त

सागर । निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक एवं सागर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के सीईओ चंद्र शेखर शुक्ला की अध्यक्षता में सोमवार को मिशन लाइफ के समग्र क्रियान्वयन हेतु स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 26वे संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिर्वतन सम्मेलन के दौरान मिशन लाइफ (लाइफ स्टाइल फॉर एनवायरमेंट) जन अभियान को प्रस्तुत किया गया। मिशन लाइफ रहवासियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक जीवन शैली अपनाने के लिए एक जन अभियान है। बैठक में संजय तिवारी सब इंजिनियर नगर निगम, वीएस राय क्षेत्रीय अधिकारी, डॉ पालमी सिंह पाटिल, डॉ आर के जैन एमपीपीसीबी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डॉ पालमी सिंह पाटिल द्वारा मिशन लाइफ के समग्र क्रियान्वयन हेतु प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
निगमायुक्त चंद्र शेखर शुक्ला ने अधिकारियों/कर्मचारियों को मिशन लाइफ का सागर में समग्र क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मिशन लाइफ पर्यावरण संरक्षण के साथ जीवन रक्षा का महत्वपूर्ण जन अभियान है। प्रत्येक नागरिक अपनी दैनिक जीवन शैली में छोटे-छोटे सुधार करते हुए पर्यावरण सुधार व संरक्षण में अपना अमूल्य योगदान दे सकता है। इसके लिए सतत् अभियान व रैली आदि के माध्यम से सागर के रहवासियों को जागरूक करें।
उन्होंने सभी को मिशन लाइफ शपथ भी दिलाई।
मैं प्रतिज्ञा करता/करती हूँ की पर्यावरण को बचाने के लिए अपने दैनिक जीवन में हर सम्भव बदलाव लाऊंगा/लाऊंगी। मैं यह भी वचन देता/देती हूँ अपने परिवार, मित्रों और अन्य लोगों को पर्यावरण के अनुकूल आदतों और व्यवहारों के महत्त्व के विषय में सतत रूप से प्रेरित करूंगा/करूंगी।
मिशन लाइफ का उद्देश्य
मुख्य सात घटकों ऊर्जा की बचत, पानी की बचत, सिंगल यूज प्लास्टिक कम करना, सतत् खाद़य प्रणालियों को अपनाना, कचरा उर्त्सजन को कम करना, जीवन शैली को अपनाना, ई-कचरा कम करना आदि से जुड़े दिन-प्रतिदिन की जीवन शैली में छोटे-छोटे सुधारों के लिए नागरिकों को जागरूक बनाते हुए नागरिकों की बेहतर जीवन गुणवत्ता प्राप्त करना और कार्बन उत्सर्जन आदि को कम करना है।






