CrimeUP Breaking NewsUP POLICEUPPOLICEउत्तर प्रदेशराज्य खबरेंहरदोई

हरदोई में घर में घुसकर किशोरी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला, बचाने पहुंची मां भी घायल

 

संवाददाता : बीजी मिश्र

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई। बिलग्राम थाना क्षेत्र के ग्राम बिरनी में मंगलवार देर रात घर में घुसकर किशोरी पर चाकू से हमले की सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। हमले में किशोरी गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंची मां भी चाकू लगने से जख्मी हो गईं। पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बिरनी निवासी जीवाराम की 17 वर्षीय पुत्री नेवली अपनी मां जय देवी के साथ घर के छप्पर के नीचे सो रही थी, जबकि जीवाराम बरामदे में सो रहे थे।इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर सो रही किशोरी पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। बेटी की चीख सुनकर बचाने पहुंची मां जय देवी भी हमलावर की चपेट में आने से घायल हो गईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुका था।

घटना की सूचना पर डायल-112 और बिलग्राम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। दोनों घायलों को इलाज के लिए सीएचसी बिलग्राम ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल किशोरी को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक मेडिकल कॉलेज में उसका उपचार चल रहा है और उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि पुलिस घटना के हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। अज्ञात हमलावर की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है। पीड़ित पक्ष से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वारदात के बाद गांव में भय और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस संदिग्धों से पूछताछ कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button