
जन एक्सप्रेस /नई टिहरी :- प्रतापनगर क्षेत्र के राजस्व ग्राम बेथाण और बुरांशखंड सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य शैला रमोला के नेतृत्व में ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल को ज्ञापन सौंपा और शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे डोबरा-चांठी में चक्का जाम करेंगे। साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार का निर्णय लेने को भी बाध्य होंगे।
ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के सात दशक बाद भी राजस्व ग्राम बेथाण और बुरांशखंड तोक सड़क सुविधा से वंचित हैं। गांव तक राशन, गैस सिलेंडर, गृह निर्माण सामग्री और दैनिक उपयोग की अन्य आवश्यक वस्तुएं आज भी लोगों को पीठ पर ढोकर पहुंचानी पड़ती हैं। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और गंभीर मरीजों को सड़क मार्ग तक पहुंचाने में डंडी-कंडी का सहारा लेना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कई बार लिखित व मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है। साथ ही राज्य सरकार की जनसुनवाई में भी यह मुद्दा लगातार उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि राजस्व ग्राम बेथाण तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द सड़क निर्माण की दिशा में प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो ग्राम पंचायत गैरी और राजस्व ग्राम बेथाण के लोग व्यापक जनआंदोलन शुरू करेंगे।
इस मौके पर पूर्व प्रमुख प्रदीप रमोला, प्रधान भाग सिंह नेगी, प्रधान अभिषेक नेगी, पूर्व प्रधान सूरज रमोला, पूर्व प्रधान छप्पन सिंह, प्रिंसी रावत, दीपक बगियाल, बचन सिंह, अनार सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






