स्व. जनेश्वर मिश्र की जयंती पर मरीजों के बीच बांटे गए फल, समाजवादी कार्यकर्ताओं ने दिया सेवा का संदेश

जनएक्सप्रेस, कानपुर :- समाजवादी आंदोलन के प्रखर नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र की जयंती के अवसर पर बुधवार को काशीराम अस्पताल, रामादेवी में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा मरीजों के बीच फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं संयोजक खालिद रज़ा ने किया। इस अवसर पर अस्पताल में भर्ती करीब 100 मरीजों को फल वितरित कर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। समाजवादी कार्यकर्ताओं ने मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में सेवा और मानवता का संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय सचिव खालिद रज़ा ने कहा कि स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र का पूरा जीवन समाज के गरीब, कमजोर और जरूरतमंद वर्गों की सेवा के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा केवल राजनीति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाने का संकल्प भी है। मरीजों के बीच फल वितरण उसी विचारधारा का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने हमेशा सामाजिक न्याय, समानता और मानव सेवा को प्राथमिकता दी। उनके आदर्श आज भी समाजवादी कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। इसी प्रेरणा से पार्टी कार्यकर्ता समय-समय पर सामाजिक और जनहित के कार्यक्रम आयोजित करते रहते हैं।

फल वितरण कार्यक्रम में मो. अहसान, मो. इखलाक, सादिक रज़ा, मो.अब्दुल रहमान,कुलदीप सिंह, राहुल सिंह,हिमांशु श्रीवास्तव, एवं अमित आजाद ने सक्रिय भूमिका निभाई। सभी कार्यकर्ताओं ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर मरीजों को फल वितरित किए और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय जनेश्वर मिश्र के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि जनसेवा और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश देने का कार्य करते हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए समाजवादी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।






