utrakhandपिथौरागढ़

पिथौरागढ़: कनार गांव में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर, 255 ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, हेली सेवा से पहुंची मेडिकल टीम

संवाददाता : पंकज पाण्डेय 

जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग ने धारचूला विकासखंड की बंगापानी तहसील के दूरस्थ कनार गांव में दो दिवसीय विशेष चिकित्सा शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। गांव के प्रधान द्वारा बड़ी संख्या में लोगों के बीमार होने की सूचना मिलने पर विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चिकित्सकों की टीम को हेली सेवा के माध्यम से तत्काल गांव भेजा।

शिविर के दौरान चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया। साथ ही लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, व्यक्तिगत स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल के उपयोग और समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के प्रति जागरूक भी किया गया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, दो दिवसीय शिविर में करीब 255 ग्रामीणों की शुगर, रक्तचाप सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें की गईं। जांच के आधार पर जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर की विशेष बात यह रही कि गांव में लगभग 90 वर्ष आयु के दो शय्याग्रस्त बुजुर्गों के घर पहुंचकर चिकित्सकों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार किया। इस संवेदनशील पहल की ग्रामीणों ने खुले दिल से सराहना की।

चिकित्सा शिविर में डॉ. आशु अवस्थी (चिकित्सा अधिकारी), डॉ. मृगांक शुक्ला (चिकित्सा अधिकारी), विनोद चंद्र मखोलिया (फार्मेसी अधिकारी) तथा नितेश बिष्ट (सीएचओ) ने अपनी सेवाएं दीं।

इस अभियान में स्वस्थ हिमालय अभियान सोसाइटी की ओर से ग्राम सभा को आपातकालीन परिस्थितियों के लिए इमरजेंसी फर्स्ट एड किट भी उपलब्ध कराई गई, जिससे भविष्य में किसी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

शिविर के समापन पर ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग की त्वरित और संवेदनशील पहल की सराहना करते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे. एस. चुफाल और पूरी चिकित्सा टीम का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि दुर्गम क्षेत्र में समय पर आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर से गांव में ही इलाज की सुविधा मिल गई और उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज़ के क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button