उत्तर प्रदेशप्रतापगढ़राज्य खबरें

अंतरजातीय विवाह बना जानलेवा: युवक की गोली मारकर हत्या, पत्नी के भाई पर आरोप

जन एक्सप्रेस/प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के जेठवारा थाना क्षेत्र स्थित मौजा खरवार के चंदन का पुरवा गांव में अंतरजातीय विवाह के बाद एक 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बच्चा सिंह, पुत्र अनिरुद्ध प्रताप सिंह के रूप में हुई है। परिजनों ने हत्या के पीछे मृतक की पत्नी के भाई और उसके चार-पांच साथियों का हाथ होने का आरोप लगाया है।

बाजार से लौटते समय बरसाईं गोलियां

परिजनों के मुताबिक, बच्चा सिंह 29 जून की शाम बाजार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घटनास्थल पर पिस्टल छोड़कर फरार हो गए।

अंतरजातीय प्रेम विवाह बना विवाद की वजह

बताया जा रहा है कि बच्चा सिंह ने लगभग एक वर्ष पहले गांव की एक युवती से प्रेम विवाह किया था। दोनों अलग-अलग जातियों से थे और विवाह के बाद पति-पत्नी के रूप में साथ रह रहे थे। परिजनों का आरोप है कि युवती के परिवार वाले इस विवाह से नाराज थे और इसी रंजिश में हत्या की गई।

पत्नी के भाई पर हत्या का आरोप

मृतक के परिजनों ने सीधे तौर पर पत्नी के भाई और उसके साथियों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि आरोपियों ने पहले से साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया।

पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार से इनकार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम के बाद जब शव गांव पहुंचा तो परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि न्याय मिलने तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।

पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

परिजनों ने आरोप लगाया कि नामजद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर रही है। उन्होंने पुलिस और आरोपियों के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया है।

गांव में तनाव, पुलिस तैनात

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button