बॉर्डर पर चांदी संग जयपुर का युवक गिरफ्तार
एसएसबी की त्वरित और बड़ी कार्रवाई से अवैध तस्करी की बड़ी कोशिश हुई नाकाम

जन एक्सप्रेस /महराजगंज: भारत-नेपाल सीमा के प्रमुख पारगमन मार्ग सोनौली पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने चांदी तस्करी के एक प्रयास को नाकाम करते हुए 500 ग्राम चांदी के छोटे दानों के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया आरोपी राजस्थान के जयपुर का निवासी मोहम्मद इकबाल बताया गया है, जो चांदी को अवैध रूप से नेपाल ले जा रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, भारत नेपाल सीमा पर चल रहे नियमित जांच अभियान के दौरान सोनौली में तैनात एसएसबी जवानों ने संदिग्ध गतिविधि के आधार पर युवक को रोका और तलाशी ली। जांच में उसके पास से 500 ग्राम चांदी के छोटे दाने बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह चांदी जयपुर से खरीदकर नेपाल की राजधानी काठमांडू ले जा रहा था। सीमा पर लगातार सामने आ रहे चांदी तस्करी के मामलों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। अधिकारियों को आशंका है कि इसके पीछे कोई संगठित तस्कर गिरोह सक्रिय है, जिसकी जड़ें भारत और नेपाल दोनों देशों तक फैली हो सकती हैं।
उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व नौतनवा कस्टम विभाग ने भी एक कार से बड़ी मात्रा में चांदी बरामद कर दो नेपाली तस्करों को गिरफ्तार किया था। ऐसे में बार्डर पर लगातार हो रही ऐसी कार्रवाई के बाबजूद सक्रिय तस्करी नेटवर्क की मौजूदगी की पुष्टि साफ होती दिख रही है।
हालांकि एसएसबी ने बरामद चांदी और आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा के सुपुर्द कर दिया है। मामले की जांच और एजेंसियां इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।



