डॉ. धर्मवीर भारती की स्मृतियों में सजी साहित्यिक शाम
वीरेन्द्र वत्स के नए काव्य संग्रह का लोकार्पण

जन एक्सप्रेस/ मुंबई: मुंबई के अंधेरी स्थित मुक्ति सभागार में गुरुवार को डॉ. धर्मवीर भारती की जन्मशती महोत्सव के मौके पर कवि वीरेन्द्र वत्स के तीसरे काव्य संग्रह ‘तू जीत के लिए बना’ का लोकार्पण किया गया। इस संग्रह में देश और समाज से जुड़ी कविताएँ और ग़ज़लें हैं, जो पाठकों को प्रेरित करने के साथ समस्याओं के समाधान की राह भी दिखाती हैं। इस आयोजन में वाणी प्रकाशन समूह के अध्यक्ष अरुण माहेश्वरी और अन्य प्रमुख साहित्यकार उपस्थित रहे।
डॉ. धर्मवीर भारती की रचनाओं का पाठ
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि डॉ. धर्मवीर भारती की पत्नी पुष्पा भारती, अस्वस्थ होने के बावजूद, इस आयोजन में शामिल हुईं। उन्होंने भारती जी की वह रचनाएँ पढ़ीं, जो उन्होंने पुष्पा जी के जन्मदिन पर लिखी थीं। इसके अलावा, अभिनेता पंकज त्रिपाठी और अभिनेत्री दिव्या दत्ता ने उनके प्रसिद्ध उपन्यास ‘गुनाहों का देवता’ के अंशों का पाठ किया।
साहित्य जगत की बड़ी हस्तियाँ रहीं मौजूद
इस अवसर पर कई अन्य पुस्तकों का भी लोकार्पण हुआ, जिनमें सूर्यबाला की ‘यादों के शिलालेख’, गीतकार समीर अनजान की ‘लफ़्ज़ों के साथ एक सफ़रनामा’, और अलका अग्रवाल की ‘#मीरा_कूल’ शामिल थीं। कार्यक्रम में पीयूष मिश्रा, हिमानी शिवपुरी, इला अरुण, और शोमा घोष जैसी हस्तियों ने डॉ. भारती को अपनी यादों और प्रस्तुतियों से श्रद्धांजलि दी।