Maharajganj: सभासद पति-पुत्र निकले साइबर गैंग के खिलाड़ी, नेपाली सिम से खुला नेपाल कनेक्शन
नेपाल बार्डर से जुड़ा साइबर सिंडिकेट बेनकाब, ठगी की रकम खातों में मंगाकर करते थे कैश निकासी

जन एक्सप्रेस /महराजगंज: महराजगंज पुलिस ने नेपाल कनेक्शन वाले साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सोनौली के एक सभासद के पति और उसके पुत्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन और नेपाली सिम कार्ड बरामद होने के बाद मामले में अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की आशंका और गहरा गई है। पुलिस अब फरार दो अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर साइबर थाना पुलिस ने 27 मई को विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा की निगरानी में हुई इस कार्रवाई में साइबर थाना टीम ने जुगौली वार्ड निवासी अकिल और उसके पुत्र तौसिफ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपी लोगों को डॉलर एक्सचेंज कर भारतीय खातों में रकम भेजने का झांसा देते थे। इसी बहाने साइबर ठगी से हासिल रकम अपने और परिचितों के खातों में मंगाकर तुरंत निकासी कर लेते थे। बाद में रकम गिरोह के सदस्यों में बांट दी जाती थी। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और एक नेपाली सिम कार्ड बरामद हुआ है, जिससे गिरोह के नेपाल राष्ट्र से जुड़े कनेक्शन की पुष्टि हुई है। मामले में साइबर क्राइम थाना महराजगंज में आरोपितों के विरुद्ध
बीएनएस की धारा 318(4), 61(2)(बी) तथा 66D आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सजनू यादव, उपनिरीक्षक सचिन कुमार, कांस्टेबल पियूषनाथ तिवारी, प्रदीप कुमार और संतोष शर्मा की टीम शामिल रही। इस पूरे प्रकरण में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।






