नवाब मलिक को नहीं मिली राहत
एनसीपी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में उनके न्यायिक हिरासत एक बार फिर से 14 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है। हालांकि, फिलहाल वो बीमार चल रहे हैं जिसकी वजह से उन्हें कुर्ला के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आपको बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय ने मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में नवाब मलिक को गिरफ्तार किया था। नवाब मलिक 5 बार से विधायक रह चुके हैं। अपना राजनीतिक सफर उन्होंने समाजवादी पार्टी के साथ शुरू किया था। बाद में भी एनसीपी में शामिल हो गए। उन्हें शरद पवार का भी काफी करीबी बताया जाता है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने इस साल 23 फरवरी को भगोड़े गैंगस्टर दाऊद इब्राहिम से जुड़े धनशोधन मामले में मलिक को गिरफ्तार किया था। मुंबई की एक विशेष धनशोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने धनशोधन मामले में गिरफ्तार महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री नवाब मलिक को किडनी से जुड़ी एक विशेष जांच कराने की अनुमति दे दी थी। नवाब मलिक ने अदालत से यह भी कहा था कि अभियोजन के पास उनकी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में कोई ‘विश्वसनीय’ जानकारी नहीं है।






