विवाहिता की महाराष्ट्र में संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप
पूना से शव उसके मायके लाया गया फिर किया गया अंतिम संस्कार

जन एक्सप्रेस/जौनपुर : ख्वाजापुर गांव में बुधवार की रात विवाहित बेटी का शव महाराष्ट्र के पूना शहर से एंबूलेंस से पहुंचते ही स्वजनों में कोहराम मच गया। देर रात उसका शव ससुराल पक्ष के द्वारा अपने घर ले जाया गया। रात में ही गोमती नदी तट पर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतका के पिता का आरोप है कि दस लाख दहेज की मांग को लेकर उसकी बेटी को फांसी लगाकर हत्या कर दी गई। उनके द्वारा पति, सास, ससुर सहित पांच के खिलाफ नामजद तहरीर दी गई है।
गांव निवासी रमेश चन्द्र श्रीवास्तव का आरोप है उसने अपनी बेटी आंचल का विवाह इसी थाना क्षेत्र के पनौली गांव निवासी सुनील श्रीवास्तव के पुत्र निखिल के साथ गत वर्ष में की थी। शादी में सामर्थ्य अनुसार दान उपहार दिया था। आरोप है कि शादी के बाद से ही सास, ससुर, पति, देवर व ननद उसे प्रताड़ित करते रहे। करीब दो माह पूर्व निखिल उसे लेकर पूना शहर चला गया। जहां गत मंगलवार को उसे फांसी पर लटका कर पति ने हत्या कर दी। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि उपचार के दौरान उसकी मौत हुई है। वहीं पर शव पीएम भी किया गया था। मायके वालों को अंतिम दर्शन के लिए शव सीधे उनके घर भेजा गया था। बाद में उसका अंतिम संस्कार किया गया। सभी आरोप बेबुनियाद है।






