शाहाबाद नगर पालिका के अधिकारी को रिश्वत लेते रंगे हाथ हुए गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस / हरदोई : शाहाबाद नगर पालिका परिषद में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एंटी करप्शन टीम ने अधिशासी अधिकारी के.के. सोनकर को एक ठेकेदार से 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद टीम उन्हें अपने साथ लखनऊ लेकर रवाना हो गई।
जानकारी के अनुसार, अधिशासी अधिकारी के.के. सोनकर पर हरदोई के एक ठेकेदार से रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाया। सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे ठेकेदार तय योजना के तहत अधिशासी अधिकारी के आवास पर पहुंचा और 2 लाख रुपये की रकम दी।
रिश्वत की रकम लेते ही पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने अधिशासी अधिकारी को रंगे हाथों पकड़ लिया। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान उन्होंने बेहोशी का नाटक कर टीम को भ्रमित करने का प्रयास भी किया, लेकिन टीम ने उन्हें हिरासत में लेकर अपनी गाड़ी से लखनऊ रवाना कर दिया।
इस कार्रवाई की पुष्टि नगर पालिका परिषद के कर्मचारियों ने भी की है। घटना की जानकारी मिलते ही नगर पालिका परिसर में अफरा-तफरी और चर्चा का माहौल बन गया। प्रारंभिक तौर पर कुछ लोगों ने मामले को अन्य चर्चित घटनाओं से जोड़कर देखा, लेकिन बाद में स्पष्ट हुआ कि एंटी करप्शन टीम रिश्वतखोरी के मामले में कार्रवाई करने पहुंची थी।
फिलहाल एंटी करप्शन विभाग द्वारा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद स्थानीय प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में भी इस घटना की चर्चा तेज हो गई है।






