
जन एक्सप्रेस / पुरोला: निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, पुरोला में मंगलवार को नाम शुद्धिकरण एवं मतदाता सूची में त्रुटियों के सुधार के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया।
शिविर में दर्जनों मतदाताओं ने पहुंचकर अपने नाम, पता, आयु और अन्य विवरणों का सत्यापन कराया। आवश्यक दस्तावेजों के साथ मतदाता सूची में संशोधन के लिए आवेदन भी जमा किए गए।
मतदाता सूची की त्रुटियां सुधारने को किया जागरूक
शिविर में निर्वाचन विभाग के अधिकारियों और बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) ने मतदाताओं को मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन जानकारी दर्ज कराने के महत्व की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम, पते अथवा अन्य विवरणों में किसी प्रकार की त्रुटि है, वे निर्धारित प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ निर्धारित समय सीमा में संशोधन करा सकते हैं।
करीब 4 हजार मतदाताओं को जारी हो चुके हैं नोटिस
निर्वाचन विभाग के अनुसार नाम, पता और अन्य विवरणों में त्रुटियों से संबंधित मामलों में अब तक करीब चार हजार मतदाताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
इन मामलों के निस्तारण के लिए अलग-अलग स्थानों पर सुविधानुसार विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक मतदाताओं को अपनी प्रविष्टियों में सुधार कराने की सुविधा मिल सके।
पात्र मतदाताओं से नाम दर्ज कराने की अपील
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। यदि किसी मतदाता को अपने नाम, पते, आयु अथवा अन्य विवरण में कोई गलती दिखाई देती है तो समय रहते उसका संशोधन कराया जाए, जिससे आगामी चुनाव के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
उपजिलाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन अधिकारी मुकेश रमोला ने कहा कि SIR अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है। उन्होंने नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं से निर्धारित समय के भीतर आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर अपनी प्रविष्टियों का संशोधन कराने की अपील की।
तहसीलदार एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कमल सिंह राठौर ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का आधार है। उन्होंने बताया कि नाम, पता, आयु या अन्य विवरणों में त्रुटि होने पर मतदाता निर्धारित प्रपत्र और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकते हैं। भविष्य में भी विभिन्न स्थानों पर शिविर आयोजित कर मतदाताओं को यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।






