अस्पताल परिसर में एक्सरे टेक्नीशियन से मारपीट विवाद के चलते अधीक्षक ने किया कार्य मुक्त

जन एक्सप्रेस / हरदोई : जनपद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हरपालपुर में ड्यूटी पर तैनात एक्स-रे टेक्नीशियन के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने अस्पतालों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक एक्स-रे कक्ष के बाहर मौजूद टेक्नीशियन के साथ हाथापाई करता है। अचानक हुए इस विवाद से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद मरीजों और तीमारदारों में भय का माहौल पैदा हो गया। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी देखी जा रही है। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
विवादों के चलते टेक्नीशियन कार्यमुक्त
इसी बीच सीएचसी हरपालपुर में तैनात एक्स-रे टेक्नीशियन अनूप कुमार को अधीक्षक डॉक्टर आनंद पांडेय द्वारा कार्यमुक्त कर दिया गया है। अधीक्षक के अनुसार, अनूप कुमार के खिलाफ लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं और वह लगातार विवादों में घिरे रहते थे।
डॉक्टर आनंद पांडेय ने बताया कि अस्पताल की छवि को नुकसान पहुंचने और बार-बार मारपीट व अभद्रता के आरोपों के चलते यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि टेक्नीशियन से एक्स-रे कक्ष का चार्ज लेकर उन्हें कार्यमुक्त कर दिया गया है और इस संबंध में रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) को भेज दी गई है।
यह घटना एक बार फिर स्वास्थ्य कर्मियों की सुरक्षा और अस्पतालों में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी करती है।






