भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी जल्द घोषित, 31 पदाधिकारियों की टीम तैयार

जन एक्सप्रेस/उत्तराखंड: भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी का ऐलान इसी सप्ताह होने की संभावना है। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट दिल्ली से वापस लौट आए हैं। बताया जा रहा है कि उपाध्यक्ष, महामंत्री समेत कुल 31 पदाधिकारियों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।
प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान के अनुसार अगले तीन से चार दिनों के भीतर नई टीम का ऐलान हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की नई टीम पर विस्तार से मंथन हो चुका है और अब केवल औपचारिक घोषणा बाकी है। नई कार्यकारिणी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।
भाजपा संगठनात्मक ढांचे के तहत महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में 31 पदाधिकारी नियुक्त किए जाएंगे। इसमें आठ प्रदेश उपाध्यक्ष, आठ प्रदेश मंत्री, तीन महामंत्री, एक महामंत्री (संगठन), एक मीडिया प्रभारी, एक कोषाध्यक्ष और एक कार्यालय सचिव शामिल होंगे।
साथ ही पार्टी के सात मोर्चों—युवा मोर्चा, किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा और अनुसूचित जनजाति मोर्चा—के अध्यक्ष भी घोषित किए जाएंगे। चर्चा यह भी है कि इस बार महामंत्री के पद पर किसी महिला को जिम्मेदारी दी जा सकती है।






