जौनपुर जेल में बंदी की मौत से हड़कंप, परिजनों का हंगामा हत्या करवाने का आरोप

जन एक्सप्रेस जौनपुर: जौनपुर। जिला जेल में रविवार को बंदी ने फांसी लगाकर जान दे दी। मृतक की पहचान शहर कोतवाली क्षेत्र के तारापुर तकिया निवासी मो. सुफियान (24) के रूप में हुई है। सुफियान अपनी पत्नी की दहेज हत्या के आरोप में जेल में बंद था।
घटना की सूचना पर परिजन जेल गेट पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि “हमने उसे जिंदा जेल में दिया था, हमें जिंदा ही वापस मिलना चाहिए था।” उनका आरोप है कि जेल प्रशासन ने सुफियान की मौत की जानकारी उन्हें समय से नहीं दी।
परिजनों के अनुसार, सुफियान की मौत दिन में 12 बजकर 35 मिनट पर हो चुकी थी, लेकिन उन्हें और मीडिया को सूचना शाम 4 बजे दी गई। परिजनों ने पूछा कि आखिर जेल अधीक्षक ने इतनी देर तक मामले को छुपाया क्यों?
इधर, मृतक के परिवार ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि सुफियान की पत्नी के भाइयों सोनू और मोनू ने जेल कर्मचारियों से मिलकर उसकी हत्या करवाई है। परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर जुटी रही। जांच के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे






