हरदोई में 600 रुपये के पेट्रोल के बहाने 6000 की ठगी, तीन आरोपी गिरफ्तार

जन एक्सप्रेस / हरदोई: हरदोई में पेट्रोल पंप कर्मचारियों को निशाना बनाकर ऑनलाइन ठगी करने वाले शातिर गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। सुरसा थाना क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर 600 रुपये का पेट्रोल भरवाने के बाद बदमाशों ने QR स्कैन के जरिए ऐसा खेल खेला कि सेल्समैन को हजारों रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। इतना ही नहीं, उसका बैंक खाता भी फ्रीज हो गया और लेन-देन पूरी तरह बंद हो गया।
पुलिस के अनुसार, 25 मई को नायरा पेट्रोल पंप पर पहुंचे दो युवकों ने 600 रुपये का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद उन्होंने दावा किया कि गलती से 6000 रुपये का भुगतान हो गया है और अतिरिक्त राशि नकद वापस करने को कहा। सेल्समैन उनके झांसे में आ गया और रकम लौटा दी। बाद में उसे पता चला कि उसका बैंक खाता फ्रीज हो चुका है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि यह एक सुनियोजित साइबर फ्रॉड था। गिरफ्तार आरोपियों में हरदोई के मोहकमपुर निवासी अनुज, फर्रुखाबाद के रमन कुमार और वीरेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक अनुज और रमन मौके पर जाकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे, जबकि वीरेंद्र तकनीकी गतिविधियों और बैंक खातों को फ्रीज कराने जैसे काम संभालता था।
सुरसा पुलिस और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से 8 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, सात सिम कार्ड और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की भी जांच कर रही है।






